एक बार फिर महंगाई ने आम आदमी के मुंह पर जोरदार तमाचा मार दिया है और आम आदमी के मुंह से यही निकल रहा है-‘महंगाई डाइन खाए जात है।’हम बात करने जा रहे है LPG सिलेंडर के दाम में हुए 50 रुपये बढ़ोत्तरी की,जिसने आम आदमी की जेब ढीली करने की कसम खायी है
14.2 किलो वाले सिलेंडर जो घरों में उपयोग किये जाते हैं उनके दामों को सरकार ने एक बार फिर बढ़ा दिया है। इनकी कीमत में एक दो नहीं बल्कि 50 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। ऐसे में अगर लोग LPG सिलेंडर को खरीद भी लेते हैं तो फिर उन्हें अपना घरेलू बजट बदलना होगा और साग सब्ज़ी में थोड़ी कमी करनी होगी। अन्यथा गैस सिलेंडर पर खाना पकाना तो आप भूल ही जाएं। पहले साग सब्ज़ी ने आग लगाई हुई थी और अब गैस सिलेंडर के दामों ने आग में घी डालने का काम किया है।
अगर बात करें दिल्ली की तो दिल्ली में LPG सिलेंडर की कीमत 1053 रुपये हो गई है। यही नहीं 14.2 किलो सिलेंडर के साथ ही छोटे वाले 5 किलो के सिलेंडर के दामों में भी इजाफा हो गया है। अगर इसके दाम देखें तो इसके दाम में 18 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। अभी इससे पहले मई में LPG सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए थे और तब इसकी कीमत 999 रुपये हो गई थी। अब फिर से दाम बढ़ने के बाद सिलेंडर हज़ार के भी पार चला गया है। इसके अलावा अन्य शहरों में इसके रेट अलग हैं। चलिए एक नज़र डाल लेते हैं बाकी शहरों में LPG सिलेंडर के दामों पर भी-
● पटना: 1143
● इंदौर: 1081
● अहमदाबाद: 1060
● पुणे: 1056
● गोरखपुर: 1062
● भोपाल: 1059
● आगरा: 1066
● मुंबई: 1053
● कोलकाता: 1079
● चेन्नई: 1069
● लखनऊ: 1091
● जयपुर: 1057
इसी के साथ 19 किलो कमर्शियल सिलेंडर के दामों को घटा दिया गया है। इनकी कीमत में 8.50 रुपये की कमी की गई है। हालांकि यह ज्यादा बड़ी राहत तो नहीं है, लेकिन कुछ नहीं से कुछ तो सही है।
